पुलिस से बेखौफ हो चुके बदमाशों ने अब दिनदहाड़े सड़कों और कॉलोनियों में घरों में मौजूद लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। थाना हाथरस गेट क्षेत्र में दो शिक्षिकाओं को एक दूसरी शिक्षिका के घर के दरवाजे पर बाइक सवार बदमाशों ने भरी दोपहरी में घेर लिया। तमंचे के बल पर डरा-धमकाकर करीब साढ़े पांच लाख रुपये कीमत के गहने लूट लिए। इस मामले में थाना पुलिस तहरीर न मिलने की बात कह रही है।
शिक्षिका हरदीप कौर पत्नी सुखदीप सिंह निवासी नेहरू कॉलोनी अपनी मित्र पूनम वशिष्ठ पत्नी अजय पांडे निवासी मुंशी गजाधर सिंह मार्ग के साथ स्कूटी पर अपनी दूसरी मित्र इंदिरा नगर निवासी गीता चौधरी के घर गई थीं। हरदीप कौर नगला मोठा, पूनम वशिष्ठ एवहरनपुर और गीता चौधरी नगला हेमा में प्राथमिक विद्यालय में हेडमास्टर हैं। तीनों अच्छी मित्र हैं। गीता चौधरी की तबियत पिछले कुछ दिनों से खराब थी। इसलिए हरदीप कौर और पूनम वशिष्ठ शनिवार को उनका हालचाल लेने के लिए उनके घर पहुंची थीं। दोनों शिक्षिकाएं इंदिरा नगर में केला देवी मंदिर के पास मौजूद गीता के घर के बाहर गेट पर खड़ी थीं। दोपहर के सवा दो बजे थे।
शिक्षिकाएं गेट खोलने के लिए डोर बेल बजा रही थीं तभी तीन बाइकों पर सवार पांच-छह बदमाश वहां आ धमके। आते ही उन्होंने तमंचे निकालकर सिर पर तान दिए। मुंह और गला दबा लिया। इसके बाद उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों की मारपीट से शिक्षिकाएं काफी डर गई थीं। हरदीप कौर के मुताबिक बदमाशों ने उनके गले की सोने की चेन, कानों की बालियां, पर्स में रखे तीन हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। यह सबकुछ करीब 70 हजार रुपये का था। बदमाशों ने पूनम वशिष्ठ के हाथ के कड़े उतरवा लिए जो करीब 15 तोले सोने के थे। इनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये है। इस तरह चंद मिनटों में बदमाश 5.70 लाख रुपये के जेवरात लूटकर भाग गए।
लूट के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई। हरदीप कौर ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। इसमें उन्होंने अपने और पूनम के साथ हुई लूट का जिक्र किया है। यह तहरीर एसआई मनोज शर्मा को दी गई थी। हैरत की बात यह रही कि थाना पुलिस तहरीर मिलने की बात से इंकार कर रही है। तहरीर देने के बाद हरदीप कौर का फोन स्विच्ड ऑफ हो गया। एसओ केपी सिंह का कहना है कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।