सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने स्वर्गवासी पति के कारोबारी दोस्त पर उसके साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला के मुताबिक घर पर पति के दोस्त अशोक शर्मा का काफी आना-जाना था। शादी के कुछ समय बाद पति की मौत होने पर महिला सदर कोतवाली की एक कॉलोनी में रहने लगी। इसके बाद भी आरोपी उसके घर आता-जाता रहा। पीड़िता के मुताबिक आरोपी की बुरी नजर उसपर थी। इसका पता उसे नहीं था। वह आरोपी को अच्छा इंसान समझती थी।
अशोक सोमवार को महिला के घर पहुंचा। उस समय महिला घर में अकेली थी। मौका देखकर आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर महिला को दबोच लिया। महिला ने मदद के लिए शोर मचाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। अपने मंसूबों में कामयाब होने के बाद आरोपी भाग निकला। कोतवाल जसपाल सिंह पंवार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी अशोक शर्मा निवासी सासनी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी सासनी का प्रतिष्ठित कारोबारी है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।