पुरदिलनगर मार्ग पर नहर पुल के आगे बुधवार की रात्रि को अपने गांव लौट रहे मंडी व्यापारी और उनके पुत्र को छह हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट कर 72 हजार की नकदी लूट ली। बदमाश दोनों को पकड़कर बाग में ले गए।
व्यापारी ने होशियारी का परिचय देते हुए 1.30 लाख रुपया अंधेरे में झाड़ियों की तरफ फेंक दिया, जोकि उन्हें अगले दिन सुबह मिल गया। मामले की रिपोर्ट अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज करा दी गई है।
निर्दोष कुमार निवासी गांव बरसामई हसायन सिकंदराराऊ अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं। वह गांव से प्रतिदिन मंडी आते हैं। बुधवार की रात्रि अपने पुत्र कैलाश कुमार के साथ वह बाइक द्वारा गांव जा रहे थे। तभी पुरदिलनगर नहर से आगे बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली और पिता-पुत्र को खींचकर बाग में ले गए।
निर्दोष ने आभास होते ही 1.30 लाख रुपया और मोबाइल फोन मौका पाकर अंधेरे में झाड़ियों की तरफ फेंक दिया। बदमाशों द्वारा निर्दोष को डंडों से पीटा गया, जिससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई। बदमाशों ने निर्दोष से 70 हजार रुपया और बेटे कैलाश से दो हजार रुपये लूट लिए और अंधरे में लापता हो गए।
रात्रि में मामले की रिपोर्ट अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज करा दी गई है। गुरुवार की सुबह बाग में रात्रि में फेंकी गई एक लाख रुपये की नकदी और मोबाइल फोन बरामद हो गया।
वहीं हसायन थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर एक साल पहले उनके घर में हुई लूटपाट, मारपीट और तीन महिलाआें के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस द्वारा खुलासा न करने की बात कही।
जबकि मौके से ही एक आरेापी को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा भी दर्ज किया था। मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच से कराई गई थी। डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने सही धाराओं में केस तरमीम किया था, लेकिन इसके बाद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी ने पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।