हाथरस। तालाब चौराहे पर पिछले कई दिनों से जाम की स्थिति देखी जा रही है। ट्रैक से कई मालगाड़ियों के गुजरने के कारण इन-दिनों जाम आम हो गया है। सोमवार को चौराहे का रेलवे फाटक फिर खराब हो गया, जिससे देर तक जाम लगा रहा और वाहन फंसे रहे।
सोमवती और मौना अमावस्या के कारण सोमवार को वाहनों की संख्या दूसरे दिनों से ज्यादा रही। शहर से बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान को गए और लौटे। राजस्थान और मथुरा से आने वाले श्रद्धालु गंगा स्नान को हाथरस होते हुए सोरों गए। सुबह से ही तालाब चौराहे पर वाहनों की भीड़ देखी गई। मालगाड़ियों के गुजरने के कारण बार-बार फाटक बंद हुआ और लोगों को जाम से जूझना पड़ा। दोपहर एक बजे के करीब रेलवे फाटक अचानक खराब हो गया। इससे वाहनाें की कतार लगती गई। चौराहे पर जाम के कारण सासनी गेट चौराहे तक जाम पहुंच गया और लोगों के लिए दो पहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया। कई घंटे बाद रेलवे फाटक सही हो सका। तब तक लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इससे पहले भी यह फाटक कई बार खराब हो चुका है जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।