कोटा रोड पर हुए हमले में घायल दोनों भाई।
- फोटो : Amar Ujala
सदर कोतवाली क्षेत्र में कोटा रोड पर मैच खेलने जा रहे दो भाइयों पर घात लगाकर सात-आठ युवकों ने रंजिशन हमला बोल दिया। दोनों भाइयों को लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से पीटकर घायल कर दिया गया। हमले के बाद जब घायल युवक अपने परिजनों के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोपियों ने अपने घर की छत से पथराव कर दिया और इस दौरान हवाई फायर भी किए गए।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस हवाई फायरिंग का वीडियो बना लिया, जो देर शाम तक वायरल भी हो गया। पीड़ित युवकों के कोतवाली पहुंचने पर पुलिस को इस मामले की जानकारी हुई। कोतवाली में भी आरोपी पक्ष पहुंच गया। यहां भी दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। कोतवाल जसपाल सिंह पंवार ने चौकी इंचार्ज को मामले की जांच सौंप दी है। देर शाम तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
ओढ़पुरा तिराहे के पास बल्देव कॉलोनी में रहने वाले दोनों भाई राहुल और मोनू शुक्ला पुत्रगण अशोक कुमार शुक्ला क्रिकेट मैच खेलने के लिए बाइक से खोंडा हजारी जा रहे थे। दोनों भाईयों का आरोप है कि बीते दिनों हुए एक विवाद से बौखलाए आरोपी घात लगाकर कोटा रोड पर छिपे हुए थे। इन्हीं आरोपियों के साथी ने फोनकर उन्हें खोंडा हजारी में मैच के लिए बुलाया था। राहुल और मोनू को देख आरोपी सामने आ गए और उन्होंने दोनों पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से किए हमले में राहुल के कान में गहरी चोट आई और मोनू का शरीर भी जख्मी हो गया। दोनों भाइयों को अचेत हालत में छोड़कर आरोपी भाग गए। आसपास लोगों की मदद से घायलों को उनके घर पहुंचाया गया।
दोनों भाइयों पर हमले से नाराज उनके पिता और दो अन्य लोग आरोपियों के घर पहुंचे। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र स्थित इस गांव में रहने वाले आरोपियों ने परिजनों पर पथराव कर दिया और हथियारों से फायरिंग भी शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे, जहां कुछ देर बाद ही आरोपी के परिजन आ गए। यहां भी दोनों पक्षों ने जमकर हंगामा किया। पीड़ित पक्ष के लोगों ने पथराव के बाद की गई हवाई फायरिंग का वीडियो भी सदर कोतवाली पुलिस को दिखाया गया है, जिसमें हथियारों से फायरिंग साफ नजर आ रही है। कोतवाल जसपाल सिंह पंवार का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। आरोपियों से अपने हथियार लेकर आने को कहा गया है, ताकि फायरिंग का सच पता चल सके। जांच भके बाद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।