कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव चितावर निवासी अरुण कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी है। इसमें 11 माह पूर्व उनके पिता पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप लगाए है।
शिकायत में आरोप है कि उनके पिता मोहन सिंह की 18 जून 2017 को इसलिए हत्या कर दी गई, ताकि आरोपियों को उनका 12.50 लाख रुपये का कर्ज नहीं चुकाना पड़े और अपना खेत छुड़ा सके। हत्या गला दबाकर की गई थी। हत्या के दिन उनके पिता घर में अकेले थे। उसी दिन गांव में दावत हो रही थी ओर भारत पाकिस्तान का फाइनल मैच भी था, इसलिए पड़ोसी और गांव वाले गांव में हो रहे कार्यक्रम एवं मैच देखने में व्यस्त थे।
हत्या करते वक्त आरोपी ने उनके पिताजी की हिसाब की डायरी में अपने भाइयों का हिसाब भी काट दिया और अपने हिसाब में 12.30 लाख जमा लिख दिया, जबकि उसके पिता सबका हिसाब अपने हाथ से लिखते थे। वह क्राइम ब्रांच को कई ठोस सबूत दो चश्मदीद गवाह, 21 अन्य गवाह, पिताजी की डायरी, सीओ मनीषा सिंह की रिकॉर्डिंग दे चुके हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।