हाथरस। चार लोगों ने एक कमेटी संचालक को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। तीन कमेटियों में जमा रकम को आरोपी बारी-बारी से निकालते रहे। रकम लेने के बाद इन्होंने किस्त देना बंद कर दिया, जिससे कमेटियां बंद हो गईं। संचालक को अपना मकान गिरवी रखकर कमेटी के बाकी सदस्यों के रुपये लौटाने पड़े। इस मामले में शनिवार को संचालक और आरोपी पक्ष के लोग थाना हाथरस गेट पहुंचे। यहां दोनों पक्षों में जमकर नोक-झोंक भी हुई।
शहर की एक कॉलोनी निवासी संचालक महिला ने बताया कि उनकी दूध की डेयरी थी। कई महीने पहले मोहल्ले में रहने वाले शिक्षा विभाग के बाबू ने उन्हें कमेटियों के संचालन का आइडिया दिया था। इसके बाद तीन कमेटियां शुरू की गईं। बाबू समेत चार लोगों ने बारी-बारी से इन कमेटियों से करीब 10 लाख रुपये की रकम निकाल ली। शुरू में तो इन्होंने किस्त दी। इसके बाद किस्त देना बंद कर दिया। हंगामा होने पर संचालक ने अपने पशु बेच दिए और मकान भी गिरवी रख दिया। किसी तरह कमेटी के सदस्यों की रकम लौटा दी गई। अब संचालक कमेटी उठाने वाले चारों आरोपियों से कमेटी से उठाई गई रकम वापस मांग रही हैं। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। शनिवार को सभी पक्षाें को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। यहां भी ये आपस में भिड़ गए। थाने पहुंचे संचालक ने बताया कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वहीं आरोपियों का कहना है कि उन पर कोई रकम बकाया नहीं है। वह ली गई रकम लौटा चुके हैं। संचालक फिजूल में उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। इंस्पेक्टर राजेश्वर प्रसाद त्यागी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।