सादाबाद (हाथरस)। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत आगरा रोड पर मां रेशमी देवी आइस एंड कोल्ड स्टोर में शुक्रवार की शाम को शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। यह अगिभनकांड उस वक्त हुआ, जब शीतगृह में नए सत्र के उद्घाटन समारोह के बाद दावत चल रही थी। शीतगृह से धुआं निकलते देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई।
मौके पर पहुंचे एक अग्निशमन कर्मी ने आग बुझाने के लिए शीतगृह में घुसने का प्रयास किया, लेकिन वह अचेत हो गया। आग से बिल्डिंग की दीवार भी चटक गई। देर रात हाथरस और आसपास के जिलों की दमकलें आग बुझाने में जुटी थीं, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। अग्निकांड में करोड़ों के नुकसान का अंदेशा जताया गया है।
बरामई के पूर्व प्रधान एवं चौ. कन्हैयालाल कोल्ड स्टोर पल्हावत के निदेशक चौ. ओमवीर सिंह एवं निदेशक चौ. राजकुमार सिंह ने पहले गांव पल्हावत में अपने पिताजी चौ. कन्हैयालाल के नाम से शीतगृह खोला था और अब अपनी माताजी रेशमी देवी के नाम से नया शीतगृह आगरा रोड पर बनवाया है। इस नए शीतगृह का शुक्रवार की सुबह विधि-विधान, पूजा-अर्चना के साथ उद्घाटन हुआ था।
शीतगृह प्रांगण मे क्षेत्र के आलू उत्पादक किसानों और प्रतिष्ठितजनों को भोज में आमंत्रित किया गया था। शाम करीब साढे़ छह बजे दावत के दौरान शीतगृह के ऊपर के चेंबर की खिड़की से कुछ लोगों ने धुआं निकलते देखा और शोर मचा दिया। मौके पर मौजूद शीतगृह निदेशक चौ. ओमवीर सिंह, राजकुमार सिंह कर्मचारीगण और मौजूद लोग धुआं निकलने वाली जगह की ओर दौड़ पड़े।
तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने जिस चेंबर में आग लगी थी, उस तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन भयंकर आग और धुएं के कारण फायरकर्मी वहां तक पहुंचने मे नाकाम रहे और इसी बीच एक फायरकर्मी सुंदर सिंह धुएं से बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे साथी दमकल कर्मी बाहर खींचकर लाए।
उसके बाद जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं तथा अगिभनशमन अधिकारी कुंवर सिंह भी पहुंच गए। मौके पर एसडीएम सादाबाद अभिषेक सिंह भी पहुंच गए। आग की विभीषिका को देख उन्होंने आगरा, अलीगढ़ और मथुरा की फायर ब्रिगेड से भी मदद मांगी। अग्निकांड के चलते आसपास के इलाकों में भी दहशत और अफरा-तफरी का माहौल था। अधिक तापमान के कारण शीतगृह की दीवारें फटने की आशंका से लोग सहमे हुए थे।
-------
बाहर की आग तो काबू में है, लेकिन चेंबरों की दीवारों की साइड में जो थर्माकोल होता है, आग उन तक पहुंच चुकी है, जिसकी वजह से इसे शांत करने में मुश्किल हो रही है। आसपास के जिलों से भी दमकलें बुलवाई गई हैं।
-कुंवर सिंह, अग्निशमन अधिकारी हाथरस