हाथरस। जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेजी पकड़ता जा रहा है। हाथरस जंक्शन पुलिस ने चार लोगाें से देसी और अंग्रेजी शराब के 82 पौव्वे बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ अलग-अलग आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एटा में जहरीली शराब से 22 लोगों की मौत के बाद सूबे भर में पुलिस को अवैध रूप से शराब रखने और बेचने वालों पर शिकंजा कसने के आदेश डीजीपी ने दिए हैं। इसके बाद से पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। जिलेभर में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। हाथरस जंक्शन एसओ एमएस भाटी के मुताबिक एसआई विनोद कुमार और विजय सिंह ने छापेमारी कर शराब बरामद की। गांव छौंक के बनी सिंह से 20, मेंडू के लखपत सिंह से 25, नगला मोती के नरेश से 18 और पुरा का नगला के मुनेंद्र से 19 पौवे बरामद किए गए हैं। इससे पहले सदर कोतवाली पुलिस ने भी 26 पौवे बरामद किए थे। एसपी अजयपाल शर्मा के मुताबिक जिलेभर में अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। टीमें अपने काम में जुटी हैं। जल्द ही बड़ा अभियान चलाकर भारी मात्रा में शराब का जखीरा बरामद किया जाएगा। डीएम एके सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी आदेश दिए गए हैं कि वह पुलिस की मदद से अवैध शराब बनाने के ठिकानों को चिन्हित कर उन्हें नेस्तोनाबूद कराएं और शराब की तस्करी व उत्पादन पर सख्ती से लगाम लगाएं। अगर जिले में एटा जैसी घटना होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।