हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव कैलोरा और नगरिया के बीच दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने 75 वर्षीय वृद्ध की जेब में रखे 50 हजार रुपये छीन लिए। वृद्ध प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित घर के निर्माण के लिए बैंक से किस्त निकालकर ला रहा था। दिनदहाड़े लूट की इस वारदात ने हाथरस जंक्शन पुलिस के होश उड़ा दिए। मौके पर जांच-पड़ताल के लिए सीओ सिकंदराराऊ आशीष प्रताप सिंह भी पहुंच गए। देर शाम तक अधिकारी आरोपियों की धरपकड़ की कोशिश में जुटे थे।
वृद्ध देवीराम पुत्र सुखराम थाना क्षेत्र के गांव मोहारी के रहने वाले हैं और उनका कैलोरा स्थित केनरा बैंक में खाता है। देवीराम को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हाल ही में सरकार से 70 हजार रुपये की एक किश्त मिली थी। मंगलवार शाम को वह 50 हजार रुपये निकालने बैंक गए थे। रुपये निकालने के बाद वह देवीराम को बैंक में ही गांव के राजेश कुमार मिल गए। राजेश कुमार ने भी बैंक से दस हजार रुपये निकाले।
इसके बाद देवीराम राजेश कुमार की बाइक पर सवार होकर गांव के लिए लौट रहे थे तभी बीच रास्ते में दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और धक्का देकर देवीराम की जेब में रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। हथियारबंद आरोपियों ने राजेश कुमार के पास रखे 10 हजार रुपये नहीं लूटे। शायद उन्हें राजेश कुमार के पास रुपये होने की जानकारी नहीं थी। देवीराम बेहद गरीब हैं और लूट की वारदात के बाद से बेहद परेशान हैं।
मौके पर पहुंचे सीओ आशीष प्रताप और कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी देर तक जांच-पड़ताल में जुटे रहे, लेकिन लुटेराें का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। बीते कुछ दिनों में लूट की वारदातों में तेजी आई है। पुलिस ने कई बदमाशों को दबोचा भी है, लेकिन लूट की वारदातों को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को दबोचकर लूट की घटना का राजफाश किया जाएगा।
एटीएम की जानकारी लेकर 20 हजार पार
मुरसान थाना क्षेत्र के गांव खुटीपुरी के रहने वाले भूरी सिंह पुत्र हरचरन लाल को एक शातिर ठग ने 20 हजार रुपये का चूना लगा दिया। भूरी सिंह के मुताबिक 16 अक्तूबर को उनके पास ठग ने फोन कर खुद को एसबीआई मुरसान का कर्मचारी बताया और कहा कि भूरी सिंह का एटीएम आधार कार्ड से लिंक न होने के कारण बंद हो गया है। इसके बाद आरोपी ने भूरी सिंह से एटीएम और आधार कार्ड से संबंधित जानकारी ले ली। इसके कुछ देर बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे जब भूरी सिंह बैंक पहुंचा तो उसे खाते से 19 हजार चार सौ रुपये निकलने की जानकारी हुई। इसकी शिकायत बैंक मैनेजर से की गई। भूरी सिंह के मुताबिक मैनेजर ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। भूरी सिंह ने मंगलवार को पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।