दलित युवक की हत्या के बाद मोहल्ला खंदारीगढ़ी में तैनात फोर्स।
- फोटो : Amar Ujala
शहर के मोहल्ला खंदारीगढ़ी में एक दलित युवक की हत्या के मामले में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मोहल्ले व आस-पास दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। पुलिस ने इस हत्या के एक और आरोपी आसिफ को बुधवार को गिरफ्तार किया है।
इसके बाद तीनों आरोपी आलम, सद्दाम व आसिफ को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इलाके में दूसरे दिन भी तनाव पूर्ण स्थिति रही। एहतियातन कई थानों की पुलिस फोर्स इलाके में तैनात रही। आला अधिकारियों ने भी इलाके में दौरा कर हालात का जायजा लिया और पुलिस को शांति भंग करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।
दलित युवक अमित कुमार गौतम की हत्या की इस घटना में जिले के पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने बुधवार को भी पूरी गंभीरता के साथ नजर बनाए रखी। मोहल्ला खंदारीगढ़ी व आसपास के गली मोहल्लों में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ-साथ अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों के साथ कई बार वार्ता कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने इसके साथ ही कई दलित नेताओं से भी वार्ता की। जिससे किसी भी प्रकार का धार्मिक उन्माद पैदा न हो।
इन दलित नेताओं को पुलिस प्रशासन की ओर से यह विश्वास भी दिलाने के प्रयास किए गए कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही विधिवत रूप से कार्रवाई की जाएगी। जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। कोतवाली हाथरस गेट के प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि इस घटना के एक और आरोपी आशिफ को भी बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मोहल्ले में पूरी तरह स्थिति सामान्य है। स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हैं।