हाथरस (ब्यूरो)। गणतंत्र दिवस पर हमले की आतंकियाें की धमकी के मद्देनजर देशभर में इस बार सबसे बड़ा रेड अलर्ट जारी किया गया है। आगरा जोन के आईजी और अलीगढ़ रेंज के डीआईजी ने भी जिले के पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है। सोमवार को खुद जिले के एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने मय फोर्स के शहर के व्यस्ततम चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था की नब्ज टटोली और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
एसपी ने बताया कि आला अधिकारियों के निर्देश पर जारी रेड अलर्ट के तहत ट्रेनाें की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हाथरस जंक्शन स्टेशन पर रुकने वाली तमाम बड़ी गाड़ियों को तलाशी के बाद ही आगे बढ़ाया जा रहा है। जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रूप से ट्रेनों और प्लेटफार्म की सघन जांच में जुटे हैं। सिटी स्टेशन पर भी संदिग्ध दिखने वाले यात्रियों से पूछताछ कर उनके सामान की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बैंक जैसे भीड़-भाड़ वाली जगहों पर नजर रखी। ऐसी जगहों पर सादा वर्दी में एलआईयू को भी सक्रिय किया गया है।