गुजरात से भगाई गई एक किशोरी को जेठवारा से परिजनों संग पुलिस ने बरामद कर लिया। महिला थाने में उससे पूछताछ के बाद उसे भगाकर लाए आरोपी युवक की तलाश पुलिस कर रही है। सीओ सिटी के निर्देश पर महिला पुलिस को गुजरात से बुलाया गया है। इसके बाद से पुलिस उसे अपने साथ ले जा सकेगी।
करीब दस दिन पहले नगर कोतवाली के भंगवा गांव निवासी दीपक वर्मा गुजरात के सूरत जनपद से एक किशोरी को भगा लाया था। उसके पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी खोजबीन करने लगी। गुजरात पुलिस लड़की के पिता व भाई के साथ करीब सप्ताह भर से इलाहाबाद, फूलपुर और बेल्हा के कई थाना क्षेत्रों में दोनों की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। सोमवार की सुबह जेठवारा थाना क्षेत्र से किशोरी के भाई ने ग्रामीणों की मदद से उसे धर दबोचा। उसके साथ मौजूद युवक बचकर भाग निकला।
सूचना मिलने पर पहुंची गुजरात पुलिस किशोरी को अपने साथ महिला थाने लाई। यहां पुलिस ने किशोरी से पूछताछ कर उसका बयान दर्ज किया। पुलिस लिखापढ़ी के बाद उसे लेकर जाने की तैयारी में थी। तभी सीओ सिटी मनीष मिश्रा पहुंच गए। उन्होंने गुजरात से महिला पुलिस बुलाने के बाद ही किशोरी को ले जाने को कहा। इसे लेकर पहले तो गुजरात पुलिस इनकार करती रही, लेकिन बाद में अधिकारियों से बातचीत कर महिला पुलिस भेजने को कहा।