अक्रूर इंटर कॉलेज के सामने पुतला फूंकते सवर्ण समाज के लोग।
- फोटो : Amar Ujala
अक्रूर इंटर कॉलेज में व्हाट्स एप ग्रुप पर किए गए कमेंट से अब सवर्णों में आक्रोश है। इसे लेकर राष्ट्रीय सवर्ण परिषद ने कॉलेज के सामने प्रदर्शन करते हुए कॉलेज प्रशासन का पुतला फूंका। मौके पर आई पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शहर के अक्रूर इंटर कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों का एक व्हाट्स एप ग्रुप है, जिस पर पिछले दिनों एससी-एसटी के आरक्षण को लेकर कमेंट कर दिया गया था, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ। तब प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया गया था। अभी यह मामला पूरी तरह से शांत नहीं हुआ है कि किसी ने हिंदू देवी-देवताओं और सवर्णों को लेकर इसी ग्रुप में टिप्पणी कर दी है, जिससे सवर्ण के लोगों में आक्रोश हो गया।
सोमवार को राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के बैनर तले काफी लोगों ने सोमवार को पहले कॉलेज के बाहर और फिर अंदर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। यहां पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए कॉलेज प्रशासन का पुतला भी फूंका गया। सूचना मिलते ही हाथरस गेट कोतवाली के एसएसआई विपिन यादव मौके पर आ गए और नारेबाजी करने वालों को शांत कराया। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रदर्शन शर्मा, निशांत उपाध्याय, राजू कौशिक, योगेंद्र कुमार उपाध्याय, विकास कौशिक, मोहनलाल शर्मा, आदित्य शर्मा, विशाल शर्मा, अरुण चौधरी, अनूप, सौरभ, उमेश कुमार आदि मौजूद थे।