सासनी। क्षेत्र में कर्ज में डूबे एक किसान की मौत हो गई है, लेकिन तहसील प्रशासन इस घटना से पूरी तरह अंजान बना रहा। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए प्रशासन का कोई नुमाइंदा गांव नहीं पहुंचा।
जब प्रशासन के नुमाइंदों से जानकारी चाही तो एक-दूसरे पर टालते रहे और उनके पास इस घटना पर कोई भी जवाब नहीं था।
दरअसल, सासनी तहसील में तैनात एसडीएम वैभव मिश्रा और प्रभारी तहसीलदार प्रसून कश्यप करीब एक सप्ताह से अवकाश पर बताए गए हैं। यहां तक कि हल्का लेखपाल भी अवकाश पर हैं। ऐसी स्थिति में तहसील पूरी तरह अधिकारी विहीन चल रही है। जनता का दुख-दर्द सुनने एवं पूछने वाला कोई अफसर वहां नहीं है। हालांकि शुक्रवार को डीएम अविनाश कृष्ण ने तहसीलदार हाथरस अवधेश कुमार शर्मा को सासनी के तहसीलदार का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है, लेकिन उन्हें भी इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी।