हाथरस। दिल्ली से लौटते समय शनिवार रात को एचएडी में रम नगला हॉल्ट पर सीट को लेकर ग्रामीणों और मैनपुरी में तैनात सिपाही के बीच जमकर झगड़ा हुआ। आरोपी ग्रामीण सिपाही को पीटकर भाग निकले, लेकिन ट्रेन के चल देने पर सिपाही ने भाग रहे एक आरोपी को दबोच लिया और किला स्टेशन पर उतरते ही पुलिस की मदद से उसे थाने ले आया। हालांकि कोतवाली पुलिस का कहना है कि यह मामला जीआरपी के क्षेत्र में आता है और वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर सकती।
सिपाही दिनेश मैनपुरी में तैनात है और हाथरस में भी कई महीने तक वह शहर कोतवाली में तैनात रहा है। सिपाही का कहना है कि वह पत्नी को लेकर शाहदरा गया था। लौटते समय सीट को लेकर महिलाओं में आपसी विवाद हो गया, जो बाद में बढ़ गया। सिपाही सादा कपड़ों में था। दूसरी महिला ने अपने परिजनों को फोन कर दिया। रम नगला हॉल्ट पर जैसे ही ट्रेन रुकी, ग्रामीण बोगी में चढ़ आए और सिपाही को धुनना शुरू कर दिया। इनमें से एक को उसने दबोच लिया। कोतवाली के कुछ सिपाहियों से दिनेश की पुरानी पहचान थी, इसलिए उसने फोन कर इन्हें स्टेशन पर बुला लिया और पकड़े गए आरोपी को थाने ले गए। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि ट्रेन में सिपाही के साथ मारपीट हुई है। यह जीआरपी का मामला है। सदर कोतवाली पुलिस इस संबंध में ज्यादा कुछ नहीं कर सकती। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्ष सदर कोतवाली में मौजूद थे।