सिकंदराराऊ (हाथरस)। क्षेत्र के गांव कपसिया में खेत से हांकने पर एक सांड़ ने किसान को पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पांच दिन तक इलाज होने के बाद शुक्रवार को उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
बता दें कि किसान इन-दिनों आवारा गाय और सांड़ों के आतंक से खासे परेशान हैं। आवारा पशु भूखे रहने से हिंसक हो रहे हैं और किसानों पर हमला बोल रहे हैं। क्षेत्र के गांव कपसिया में 19 जनवरी को किसान ख्यालीराम पुत्र सालिगराम लोधी अपने खेत की रखवाली कर रहा था।
सुबह करीब छह बजे एक सांड़ खेत में आकर चरने लगा। ख्यालीराम ने डंडे से डराकर सांड़ का भगाना चाहा तो सांड़ हिंसक होकर हमलावर हो गया। सांड़ ने किसान को बुरी तरह पटकना शुरू कर दिया। लगातार पटके जाने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ख्यालीराम को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। प्रकरण को लेकर कोतवाली में तहरीर दे दी गई है।