सिकंदराराऊ में बेलगाम बदमाशों ने महिला की हत्या और लूट के चंद घंटों के भीतर ही गुरुवार की देर रात लूट की एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सिकंदराराऊ में अलीगढ़ रोड स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के सेल्समैन से तमंचों के बल पर 65 हजार की नकदी से भरा बैग लूट लिया। सेल्समैन का दूसरा साथी बदमाशों से भिड़ गया, इससे उसे चोटें भी आई हैं। वहीं, उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। भीड़ को आते देखकर बदमाश अपनी बाइक को मौके पर ही छोड़कर नोटों से भरा बैग लेकर झाड़ियों की ओट से पैदल ही भाग गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और पुलिस ने बदमाशों की बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। देर रात तक बदमाशों की तलाश में आसपास के इलाकों में कांबिंग कराई जा रही थी।
सिकंदराराऊ में अलीगढ़ रोड पर एस्सार कंपनी का पेट्रोल पंप है। गुरुवार की रात को पंप सेल्समैन सुभाष पुत्र राजवीर निवासी गांव फरीदाबाद मौजूद था। उसके पास पेट्रोल की बिक्री का करीब 65 हजार रुपये कैश बैग में मौजूद था। बताते हैं कि रात करीब नौ बजे उसके पास एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और इन युवकों ने सेल्समैन से 200 रुपये का पेट्रोल डालने के लिए कहा। पेट्रोल डलवाने के बाद बाइक सवार युवक ने सेल्समैन की कनपटी पर तमंचा तान दिया और उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग कब्जे में कर लिया। बदमाश जब बाइक लेकर भागने का प्रयास कर रहे थे। तभी सेल्समैन का साथी बनवारी निवासी बहादुरगढ़ी इन बदमाशों से भिड़ गया और उसने शोरगुल मचा दिया। धक्का-मुक्की में बदमाशों की बाइक गिर गई।
शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी पेट्रोल पंप की तरफ दौड़े। इनको आते देखकर बदमाशों के पैर उखड़ गए और वह बाइक को मौके पर ही छोड़कर नकदी से भरा बैग लेकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए झाड़ियों में ओझल हो गए। लूट की सूचना से पुलिस में खलबली मच गई। सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी जगदीशचंद्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि बदमाशों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।