फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिकंदराराऊ में महिला की हत्या कर लाखों की लूट

Thu, 11 May 2017 11:17 PM IST
अमर उजाला/ हाथरस/सिकंदराराऊ।
विज्ञापन
रेनू उर्फ रिमझिम का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 कस्बे के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी में बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने गुरुवार की दोपहर को एक व्यापारी के घर में घुसकर उसकी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। वे पौने चार लाख रुपये की नकदी और सोने के जेवर लूटकर ले गए। वारदात का पता तब लगा, जब दोपहर के वक्त महिला की 11 वर्षीय बेटी स्कूल से घर लौटी। मौके पर चाय-नाश्ता के खाली बर्तन मिलने से माना जा रहा है कि बदमाश महिला के परिचित थे। सूचना पर एसपी हाथरस घुले सुशील कुमार भी पहुंच गए और मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा, लेकिन कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। इस मामले की रिपोर्ट अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज करा दी गई है।
विज्ञापन


कस्बा निवासी मनोज कुमार वार्ष्णेय की नयागंज बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। वे सुबह करीब साढ़े दस बजे घर से प्रतिदिन की तरह पत्नी रेनू उर्फ रिमझिम वार्ष्णेय (40 वर्ष) को घर पर अकेला छोड़कर दुकान पर गए थे। दुकान पर पहुंचने के बाद उन्होंने कई बार घर पर फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। दोपहर करीब ढाई बजे मनोज की 11 वर्षीय बेटी काजल स्कूल से घर लौटी तो घर में घुसते ही उसने मोबाइल फोन की घंटी सुनी और फोन अटेंड किया। मनोज ने उससे पूछा कि मम्मी कहां है। इस पर काजल ने बताया कि पापा मम्मी तो फर्श पर पड़ी हैं और बोल नहीं रही हैं। इतना सुनते मनोज दौड़कर घर पहुंचे तो देखा कि रेनू फर्श पर पड़ी हुई थी। तत्काल मोहल्ले के चिकित्सक को बुलाया गया तो उसने रेनू को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मनोज अपने ने बड़े भाई व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय को दी।

मृतका पूर्व पालिका चेयरमैन वर्षा वार्ष्णेय की छोटी बहन हैं। सूचना पर काफी भीड़ घटनास्थल पर एकत्रित हो गई।  पुलिस ने छानबीन में पाया कि वारदात से पहले बदमाशों ने घर पर बैठकर चाय-नाश्ता भी किया था और उसके बाद रेनू के गले को पतले तार से काट दिया। कमरों में रैक को खोलकर उसमें रखे पौने चार लाख रुपये और 200 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए। पूरे कमरे में सामान फैला पड़ा हुआ था। अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, सीओ राकेश वशिष्ठ, एसडीएम केहरी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हाथरस से फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलवा लिया गया। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने मौका-ए-वारदात से फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाने की कोशिश की।
विज्ञापन



आखिरी सांस तक बदमाशों से जूझी रेनू

व्यापारी की पत्नी को मौत के घाट उतारने वाले हमलावरों ने जिस तरह वारदात से पहले घर पर बैठकर चाय-नाश्ता किया था, उससे साफ है कि हमलावर इस परिवार के नजदीकी ही होंगे। अगर हमलावर नजदीकी नहीं होते तो मृतका उन्हें चाय-नाश्ता क्यों कराती। सवाल यह भी है कि क्या इस वारदात को सिर्फ लूट की खातिर अंजाम दिया गया या फिर इसके पीछे कोई और भी मकसद रहा है। वारदात के बाद ऐसे कई सवाल घटनास्थल पर हर किसी के जेहन में रह-रहकर उठ रहे थे, लेकिन इनके जवाब तो घटना के खुलासे पर ही मिल पाएंगे।
छानबीन में एक और बात सामने आई कि बदमाशों को यह भी अच्छी तरह पता था कि मृतका के पति मनोज वार्ष्णेय ने कुछ दिन पूर्व कमेटी के लगभग चार लाख रुपये उठाये थे। घर का हाल बयां कर रहा था कि आंगन में पड़ी डायनिंग टेबल पर चाय के दो कप रखे थे। उसके पास प्लेट में नाश्ते के रूप में चाय-बिस्किट रखे गए। मौके पर डाइनिंग टेबल की टूटी कुर्सी और बिखरा सामान बयां कर रहा था कि हत्या से पहले बदमाशों की रेनू से खूब गुत्थमगुत्था हुई थी। उसने बदमाशों से बचने के लिए काफी संघर्ष किया। इस बीच बदमाशों ने गले में पैना तार पीछे से डालकर उसे खींचा, जिससे रेनू का गला कट गया। पीछे गर्दन पर तार के निशान तक नहीं थे। घटनास्थल का नजारा साफ बयां कर रहा था कि बदमाशाें से बचने की कोशिश में रेनू के हाथों पर नीले निशान पड़ गए। माना जा रहा है कि मनोज के सुबह साढ़े दस बजे दुकान पर जाते ही लुटेरे हरकत में आ गए, क्योंकि दोपहर दो बजे जब तक बेटी काजल लौटी, तब तक रेनू के हाथ-पांव अकड़ गए थे। बदमाशों ने वारदात से पहले घर की पूरी रैकी कर रखी थी।

व्यापारियों ने किया बेमियादी बाजार बंद

सिकंदराराऊ। व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय के भाई की पत्नी की हत्या और लूट की खबर से पूरे सिकंदराराऊ में सनसनी फैल गई। काफी भीड़ मौके पर पहुंच गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी भी थे। आक्रोशित व्यापारियों ने घटना का खुलासा नहीं होने तक अनिश्चितकालीन बाजार बंद करने का ऐलान कर दिया है। दोपहर में कस्बे का पूरा बाजार बंद हो गया। व्यापारियों में गुस्सा इस बात पर था कि दिनदहाड़े जिस तरह महिला की नृशंसपूर्वक हत्या और लूट की गई, उससे यह आम जनता की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़ा हो गया है। सांसद राजेश दिवाकर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा नगराध्यक्ष उपेंद्र वार्ष्णेय ने कहा है कि घटना अति गंभीर और अक्षम्य है। दोषियों को पुलिस 24 घंटे में गिरफ्तार करे। यदि ऐसा पुलिस नहीं कर पाती है तो किसी को बख्शा नहंीं जाएगा। भाजपा शासन में गुंडा और लूटराज किसी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा।
व्यापारी नेता दाऊदयाल वार्ष्णेय, संजीव महाजन, नवेद अहमद, गिरीशचंद्र पटेल, विशाल वार्ष्णेय, विशाल दरगढ़ ने कहा कि अभी तो व्यापारियों ने आक्रोश के चलते केवल बाजार बंद किया है। व्यापारी पुलिस को पूरा समय देना चाहते हैं। 24 घंटे में वारदात का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापार मंडल उग्र आंदोलन को मजबूर होगा।
--------

जब कोतवालों के थानों को दरोगा चलाएंगे और सत्ताधारी दल के नेता हर काम में हस्तक्षेप करेंगे तो ये तो होना ही है। सीओ से लेकर दारोगा, सिपाही सब पिट रहे हैं। मैं इस जघन्य वारदात की कड़ी निंदा करता हूं और एसपी से मांग करता हूं कि मामले की शीघ्र खुलासा कर दोषियों को सजा दिलवाएं।
विज्ञापन

- यशपाल सिंह चौहान, पूर्व विधायक
- ---

घटना को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह गंभीर है। वारदात के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
- घुले सुशील चंद्रभान, एसपी हाथरस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें