क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)।
कस्बा हसायन में रविवार की शाम एक समुदाय के कुछ युवकों ने दूसरे समुदाय के दो युवकों पर छुरे से जानलेवा हमला कर दिया। इससे दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद कस्बे में कई मोहल्लों में तनाव व्याप्त हो गया। मौक पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने हमलावरों के यहां दबिश भी दी लेकिन कोई नहीं मिला। घायलों का उपचार कराया गया है।
कस्बा हसायन के मोहल्ला दखल में एक युवक एक घर के बाहर सीटी बजा रहा था। जब गृहस्वामी के पुत्र ने उसे टोका तो उसकी इस युवक से कहासुनी हो गई। परिणामस्वरूप यह युवक अपने कुछ साथियों को वहां ले आया और इस युवक पर छुरे से हमला कर दिया।
इसमें नितिन निवासी मोहल्ला दखल तो घायल ही हो गया। साथ ही उसे बचाने के चक्कर में विमल पचौरी भी घायल हो गया। मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान हमलावर वहां से भाग गए। मामला चूंकि अलग-अलग समुदाय के लोगों से जुड़ा था। इसलिए इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
एक पक्ष के काफी लोग थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की पुलिस ने इस मामले में हमलावरों की तलाश में दबिश दी लेकिन वह नहीं मिले।घायलों का इलाज कराया गया है। कोतवाली निरीक्षक हसायन का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। कस्बे में किसी तरह का कोई तनाव नहीं है।