न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। अनाज घोटाले को लेकर अभी तक विभाग सुकून में नहीं आ सका है। विभागीय अधिकारियों ने जांच में नौ कोटेदारों का चिन्हित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। अब विभागीय अधिकारी इन कोटेदारों के यहां से खाद्यान्न लेने वाले कार्डधारकों को इस महीने का खाद्यान्न वितरित कराने की तैयारी में जुट गए हैं। इसे लेकर विभागीय अधिकारियों ने योजना तैयार कर ली है। विभाग की ओर से इन कोटेदारों के कार्डधारकों को नजदीकी कोटेदारों से संबद्ध कराया जा रहा है, ताकि कार्डधारकों समय से खाद्यान्न मिल सके।
आपूर्ति विभाग की ओर से अब घोटाले में संलिप्त रहे कोटेदारों की दुकानों में रखे खाद्यान्न को निकलवाने की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए विभाग की ओर से टीमें बना दी गई हैं। इन कोटेदारों के परिजनों की देखरेख में खाद्यान्न दुकान से निकाला जाएगा। अगर किसी कोटेदार के यहां कोई व्यक्ति उपलब्ध नहीं होता है, तो विभाग मजिस्ट्रेट की देखरेख में वीडियोग्राफी कराते हुए ताला तोड़कर खाद्यान्न को निकालेगा। वहीं इस खाद्यान्न को कार्डधारकों की देखरेख में वितरित कराया जाएगा।
डीएसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि निलंबित कोटेदारों को आरोप पत्र भेज दिए गए हैं। इन कोटेदारों को 15 दिन का समय दिया गया है। इस समयावधि में इनसे जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं आने पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।