शहर में बेखौफ बदमाश वारदात पर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार को बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने बीएच ऑयल मिल रोड पर एक फाइनेंस कर्मी से 43 हजार रुपये लूट लिए। हथियारों के बल पर की गई इस लूट के शिकार फाइनेंस कर्मी ने पुलिस से शिकायत गुहार लगाई है। पुलिस ने देर रात तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
धर्मवीर पुत्र केशवदेव राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के समारी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वह ऋण देने वाली क्रेडिट लाइन प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी में फील्ड ऑफिसर हैं। उनका मुख्य कार्य ऋण की वसूली करना है। हाथरस में इस कंपनी का कार्यालय नवीपुर में है और धर्मवीर इसी ऑफिस में कार्यरत हैं। धर्मवीर के मुताबिक वह मंगलवार को ऋण वसूली के लिए हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव कैमार गए थे।
दोपहर करीब एक बजे वह कैमार से हाथरस लौट रहे थे। बीएच ऑयल मिल रोड पर एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने उनपर तमंचा तानते हुए थैले को छीन लिया, इसमें 42 हजार 800 रुपये थे। थैला छीनने का विरोध करने पर धर्मवीर को गोली मारने की धमकी दी। आरोपी चंद मिनटों में वसूली की रकम के हजारों रुपये लेकर चंपत हो गए। धर्मवीर ने अपने साथियों को लूट के बारे में बताया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल करने के अलावा धर्मवीर से भी प्रारंभिक पूछताछ की गई। धर्मवीर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है। सवाल यह भी है कि बीते दिनों में लूट की कई वारदातें शहर में हुई हैं। सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि लूट के मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।