ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
शहर के एक युवक ने लखनऊ में एक युवती से शादी कर ली और उसके बाद वह वहां से लापता हो गया। यह युवक पिछले काफी समय से हाथरस में अपने घर पर ही रह रहा था और युवती को इसकी खबर तक नहीं थी।
मंगलवार को युवती को जब इसका पता चला तो वह अपनी बहन को यहां आई और अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरा घटनाक्रम बताया। एएसपी ने कोतवाली पुलिस को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हुए हैं।
इस युवती का कहना है कि हाथरस के चक्की बाजार निवासी एक युवक ने लखनऊ के आर्य समाज मंदिर में 10 फरवरी 2016 को उससे शादी की थी। कुछ दिनों बाद ही यह युवक हाथरस लौट आया था। उसके बाद से लगातार यह युवक उसे फोन पर जल्द ही लखनऊ आने की बात कहकर उसे गुमराह कर रहा था। शक होने पर युवती ने युवक के दोस्तों से संपर्क साधना शुरू किया।
धीरे-धीरे उसे पता चला कि युवक के कई और लड़कियों से भी संबंध हैं। युवती की मानें तो आरोपी युवक ने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। युवती के मुताबिक उसे युवक के दोस्तों से पता चला कि 27 जून को आरोपी किसी और लड़की से शादी करने जा रहा है।
यह युवती आगरा में अपनी बहन के यहां आई और उसके साथ मंगलवार को हाथरस पहुंची। युवती की शिकायत पर एएसपी ने कोतवाली पुलिस को जांच के लिए भेजा। पुलिस जब युवक के घर पहुंची तो वहां ताला लगा हुआ था। ताला देखकर पुलिस वहां से लौट आई। सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।