न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट की सब्जी मंडी समिति परिसर में सब्जी खरीदने को लेकर विवाद हो गया। यहां पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। यहां पर काफी देर बाद दोनों के बीच सुलह हो गई।
बुधवार की सुबह एक व्यक्ति मंडी से सब्जी खरीदने के लिए गया। यहां पर एक आढ़तिया के सामने लगे भिंडी के फड़ पर उसने सब्जी देखी। वहां पर मौजूद व्यक्ति से भिंडी के भाव को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस बीच आढ़तिया के पल्लेदार ने उस व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद पिटा हुआ व्यक्ति कोतवाली हाथरस गेट पहुंचा और आरोपी के खिलाफ मारपीट कर करीब सात हजार रुपये छीनने की तहरीर दी।
इस मामले को निपटाने के लिए तमाम लोग थाने पहुंच गए। यहां पर सभी उस व्यक्ति को समझाने लगे। कुछ देर तो उसने न नुकुर की, फिर वह सुलह करने की बात मान गया। एसएचओ जितेंद्र सिंह दीखित ने बताया कि सब्जी खरीदने को लेकर हुए विवाद के मामले में दोनों पक्षों में सुलह हो गई, जिसके बाद वह अपने अपने घर चले गए।