न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली मुरसान क्षेत्र में कलक्ट्रेट के सामने एक युवक ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। यहां पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। इस बीच मृतक के परिजन और गांव के लोग वहां आ गए और शव अपने साथ गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
बुधवार सुबह गोपालपुर निवासी श्रीनिवास उर्फ बंटी (24 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह करीब सात बजे कलक्ट्रेट के सामने घूम रहा था। इस बीच कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजरी। बंटी ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। यहां पर परिवार व गांव के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच पूरे मामले की जानकारी ली। यहां से परिवार के लोग शव लेकर गांव चले गए और फिर वहां पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक काफी दिनों से बीमार चल रहा था।