न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव में पड़ोसी युवक ने गलत नीयत से युवती को दबोच लिया। शोर मचाने पर उसके परिवार के लोग आए तो उसके साथ मारपीट की। इस मामले में कोतवाली हाथरस गेट में तहरीर दी गई है।
युवती का आरोप है कि वह सोमवार की रात को करीब साढ़े आठ बजे अपने पड़ोस में ही रहने वाली मौसी के यहां किसी काम से गई थी। वहां से लौटते वक्त पड़ोस के एक युवक ने उसे गलत नीयत से दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। युवती के शोर मचाने पर उसके परिवार के लोग आ गए। यहां पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई, जिसके बाद आरोपी ने युवती के परिजनों को धमकाया।
मंगलवार की सुबह मामला पुलिस के पास पहुंचा, जिसके बाद आरोपी के पक्ष के लोग युवती पक्ष को मनाने में लगे रहे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था, क्योंकि दोनों पक्षों में सुलह की बात चल रही थी। एसएचओ जितेंद्र सिंह दीखित का कहना है कि युवती के साथ छेड़छाड़ की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।