शिकायतें डिफाल्टर श्रेणी में जाने पर नौ अफसरों का रोका वेतन
डीएम ने की कार्रवाई, अधिकारियों में मची खलबली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। आईजीआरएस पोर्टल पर जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर डीएम ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने और 19 शिकायतों के डिफाल्टर श्रेणी में जाने पर नौ विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश जारी कर दिए हैं। शासन स्तर से आम जन शिकायतों के निस्तारण के लिए आईजीआरएस पोर्टल शुरू किया गया है।
पोर्टल पर आने वाली शिकायतें संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेज दी जाती हैं, ताकि निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निस्तारण किया जा सके। इस पोर्टल पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतें भी आती हैं। विभागीय अधिकारी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में भी लापरवाही बरत रहे हैं। इस मामले में कई बार चेतावनी के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं आने पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कड़ी कार्रवाई की है।
डीएम ने एडीओ पंचायत हसायन, एडीओ पंचायत सासनी, एडीओ पंचायत सिकंदराराऊ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, बीडीओ हसायन, पूर्ति निरीक्षक हाथरस, खंड शिक्षा अधिकारी हाथरस, खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान, अधिशासी अभियंता विद्युत का माह सितंबर का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं।