Yogi Adityanath said in Hathras
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस और सादाबाद में चुनावी सभाओं में विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। हाथरस के बाग्ला इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सबका साथ और सबका विकास कर रही है। लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार में सबका साथ रहता था लेकिन विकास सैफई खानदान का होता था। नियुक्तियां निकलते ही चाचा भतीजा वसूली पर निकल जाते थे।
सपा सरकार में रोजाना दंगे होते थे
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में दंगे नहीं होते। समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश में रोजाना दंगे होते थे और कर्फ्यू लग जाता था। बाजार बंद रहते थे। अब शानदार तरीके से कावड़ यात्रा निकलती है और बम-बम-भोले के जयकारे लगते हैं।
एक कविता के माध्यम से विपक्षियों पर निशाना साधा
मुख्यमंत्री ने जिले की तीनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने काका हाथरसी की एक कविता के माध्यम से भी विपक्षियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज हाथरस में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। पिछली सरकार आखिर यहां मेडिकल कॉलेज क्यों नहीं बनवा पाई। यहां पुल का भी निर्माण हो चुका है।
सीएम योगी का गठबंधन पर सीधा हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में भी दो लड़कों की जोड़ी आई थी। लेकिन जनता ने उसे जवाब दे दिया। जब मुजफ्फरनगर में दंगा हो रहा था तो एक लड़का दिल्ली में बैठकर तमाशा देख रहा था और दूसरा लखनऊ से दंगा करा रहा था।