संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को जैसे ही शराब से मौत होने की सूचना मिली तो गांव में कई थानों का पुलिस बल तैनात कर दिया गया। नगला सिंगी के लोग इसे प्रधानी के चुनाव से जोड़ रहे हैं। शराब में जहर देने का भी आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस इसे सिरे से नकार रही है। ऐसे में गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला सिंगी में मजरा नगला दया है। बताते हैं कि यहां से जो दो प्रत्याशी ग्राम प्रधान पद के लिए आमने-सामने थे, उनमें से एक प्रत्याशी के पूर्वजों द्वारा दी गई जमीन पर गांव नगला सिंगी बसा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि जो दूसरा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा था, वह उनसे चिड़ता है। आरोप है कि शराब में जहर दिया गया है।
इस बात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मामला कहीं बिगड़ न जाए, इसलिए गांव के चारों ओर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जगह-जगह महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। सीओ सदर के अलावा यहां पर कई एसडीएम व प्रशासनिक अधिकारी भी डेरा डाले हुए थे।
यहां आने-जाने वालों पर सभी की नजर थी। नगला दया को जाने वाले रास्ते पर भी पुलिस तैनात थी। हालांकि पुलिस जहरीली शराब से मौत होने से इंकार कर रही है और चुनावी रंजिश जैसी भी कोई बात नहीं बताई जा रही।