हाथरस। अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) कोर्ट संख्या-4 ईश्वर सिंह के न्यायालय ने 19 वर्ष से अधिक समय तक अदालती कार्यवाही से फरार रहने वाले एक अभियुक्त की द्वितीय जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है। अदालत ने माना कि लगातार गैरहाजिर रहकर आरोपी ने जमानत की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन किया है।
मामला वर्ष 2003 में थाना हाथरस जंक्शन में दर्ज अपराध संख्या 79/2003 से जुड़ा है, जिसमें कासगंज जिले के गांव नगला रज्जी निवासी राजपाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 और भारतीय दंड संहिता की धारा 399, 402 व 307 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
इस प्रकरण में पूर्व में जमानत मिलने के बाद आरोपी तारीखों पर पेश नहीं हुआ, जिसके चलते 18 मई 2007 से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) चल रहे थे। हाल ही में पुलिस द्वारा कुर्की की कार्रवाई की सूचना दिए जाने पर आरोपी राजपाल ने 30 अक्तूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जहां से उसे जिला कारागार अलीगढ़ भेज दिया गया।
जेल में निरुद्ध आरोपी की ओर से दाखिल द्वितीय जमानत प्रार्थना पत्र पर बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि वह वर्ष 2007 से लकवा की बीमारी से ग्रसित है और चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण न्यायालय नहीं आ सका।
न्यायालय ने पाया कि आरोपी ने वर्ष 2007 से 2022 तक के इलाज का कोई भी चिकित्सीय प्रमाणपत्र दाखिल नहीं किया है। साथ ही, पेश किए गए दस्तावेजों और प्रार्थना पत्र में उसकी उम्र भी अलग-अलग दर्शाई गई है। अदालत ने टिप्पणी की कि 18 मई 2007 के बाद न तो आरोपी स्वयं पेश हुआ और न ही अधिवक्ता के माध्यम से कोई हाजिरी माफी प्रार्थना पत्र दिया गया, जिससे 2003 के इस मुकदमे का विचारण बाधित हुआ। इन्हीं तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने जमानत याचिका निरस्त कर दी।