मैच के खिलाड़ियों को सम्मानित करते अतिथि
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में हाथरस क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा स्थानीय डीपीएस क्रिकेट ग्राउंड पर मथुरा मंडल के अंडर 19 क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के अंतिम मैच में शनिवार को मथुरा और आगरा के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला हुआ। आगरा की टीम छह रनों से मैच जीत गई।
आगरा के सुभांशु पांडेय के 46 और जूरैल के 41 रन की बदौलत आगरा ने 196 रन बनाए। मथुरा के विशाल खोखर ने तीन और पुष्पेंद्र ने दो विकेट लिए। जीत के लिए 197 रनों का पीछा करते हुए मथुरा के पार्थ ने 39 और विशाल खोखर ने 29 रन बनाए, लेकिन पूरी टीम केवल 190 रन ही बना सकी। इस तरह आगरा ने यह मैच 6 रनों से जीत लिया। ऋषभ गिरी ने तीन विकेट और सुभांशु पांडेय ने दो विकेट लिए। इससे पूर्व आगरा और मथुरा की टीम के खिलाड़ियों से उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कैलाश नाथ टंडन और हाथरस क्रिकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। कैलाश नाथ टंडन ने कहा की कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और राजीव शुक्ल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के छोटे जनपदों के प्रतिभावान क्रिकेटरों को आगे लाना है। हाथरस क्रिकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने कहा की उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कैलाश नाथ टंडन ने हाथरस आकर हमारी क्रिकेट एसोसिएशन और यहां के क्रिकेटरों में जोश भर दिया है। उन्होंने कोषाध्यक्ष, चयनकर्ता, अंपायर एवं स्कोरर को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। मैच के दौरान मथुरा मंडल के कोर्डिनेटर कमल चावला, सचिव सुमित शर्मा, मनीष मल्होत्रा, राजेश, सर्वेश, रचित चावला, उमेश चौरसिया, रोहित शर्मा, मनोज शर्मा आदि लोग मौजूद थे।