मैच खेलने वाले खिलाड़ी अतिथियों संग
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में हाथरस क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा स्थानीय डीपीएस क्रिकेट ग्राउंड पर मथुरा मंडल के अंडर 19 ट्रायल क्रिकेट मैचों की शृंखला में शुक्रवार को हाथरस और मथुरा के मध्य रोमांचक क्रिकेट मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में मथुरा ने हाथरस की टीम को 36 रनों से हरा दिया।
हाथरस क्रिकेट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मथुरा के ओपनर घनश्याम ने 24 और मोहित ने 12 रन बनाकर मथुरा को धीमी, किंतु ठोस शुरुआत दी, लेकिन कप्तान पार्थ के शानदार 50 रन की बदौलत मथुरा ने 195 रन बनाए। हाथरस के दीपक, सूर्यकांत और जयंत ने दो-दो विकेट लिए। जीत के लिए 196 रनों का पीछा करने उतरी हाथरस के सचिन ने 23 शिवम ने 14 और हिमांशु सूरी ने 40 रन बनाए। इसके अलावा और कोई अन्य बल्लेबाज नहीं चल सका। पूरी टीम केवल 159 रन ही बना पाई। मथुरा के शुभम और कपिल ने तीन-तीन विकेट लिए। इस तरह मथुरा ने हाथरस से ट्रायल मैच 36 रनों से जीत लिया। कल मथुरा मंडल का अंतिम ट्रायल मैच मथुरा मंडल और हाथरस के मध्य खेला जाएगा। मैच के दौरान मथुरा मंडल के को-ऑर्डिनेटर कमल चावला, सचिव सुमित शर्मा, हिमांशु आदि लोग मौजूद थे। अंपायरिंग यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ अंपायर सुरेंद्र कनौजिया और हरेंद्र शर्मा ने और स्कोरिंग प्रेम नारायण वाजपेयी ने की।