सहपऊ। क्षेत्र के ग्राम रामपुर में अंबेडकर पार्क की दीवार गिरने से छह बच्चे मलबे के नीचे दब गए। जिसमें एक बालक की मौत हो गई जबकि पांच बच्चे घायल हो गए। घायलों को जलेसर रोड स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर किया गया है। हादसे से गांव में अफरातफरी मच गई। हादसे से पीड़ित परिवारों मे कोहराम मच गया।
हादसा बुधवार शाम पौने छह बजे हुआ। पार्क में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान पार्क की चाहरदीवारी गिर गई। दीवार के नीचे वहां खेल रहे छह बच्चे दब गए जबकि कुछ बच्चे चीखते-चिल्लाते हुए वहां से भागे। बच्चों की चीख पुकार सुनकर तमाम महिलाएं वहां पहुंच गईं। हादसे के समय अधिकांश पुरुष गांव के बाहर मजदूरी के लिए गए हुए थे। मौके पर पहुंची महिलाओं और पुरुषों ने दीवार की ईंटे हटाकर बच्चों को निकाला। एक बच्चा शिवा उर्फ गोलू (7) पुत्र श्यामवीर की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य बच्चों विशाल (6) पुत्र छोटे लाल, धर्मवीर पुत्र दिलीप चंद्र, दीपक (5) पुत्र बंटी, प्रदीप (7) पुत्र श्रीपाल, रोहित (8) पुत्र राजेंद्र सिंह को जलेसर रोड स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। विशाल की हालत गंभीर देखते हुए परिजन उसे आगरा ले गए। जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
अंबेडकर पार्क की दीवार गिरने और छह दलित बच्चों के दबने की सूचना पर प्रशासन में भी खलबली मच गई। एसडीएम सादाबाद वैभव मिश्रा, सीओ नरेन्द्र देव गुरुवार सुबह ही मौके पर पहुंच गए और मृतक एवं घायल बच्चों के परिजनों का सांत्वना दी तथा सरकार से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय विधायक के प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल ने भी मौके पर जाकर मृतक एवं घायल बच्चों के परिजनों को सांत्वना दी। बाद में जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय में गांव पहुंचे।
जर्जर हो चुकी है पार्क की बाउंड्रीवाल गांव का अंबेडकर पार्क 15 साल पुराना है। उसके चारों ओर साढ़े चार इंच की बाउण्ड्री बनी हुई है। इन पन्द्रह सालों में बाउण्ड्री इतनी कमजोर हो गई कि उसने एक बच्चे की बलि ले ली। बाउंड्रीवाल इतनी कमजोर हो चुकी है कि जब एसडीएम सादाबाद के सामने एक व्यक्ति ने उसे हिलाया तो वह गिर गई।
अंबेडकर पार्क एवं उसकी दीवारों मरम्मत कराई जाएगी। पीड़ित एवं मृतक को सरकार की ओर से आर्थिक मदद के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।-वैभव मिश्रा एसडीएम सादाबाद
डीएम से मिलकर इन पीड़ित परिवार को सहायता दिलाई जाएगी साथ ही पार्क का पुन: निर्माण कराया जाएगा। -विनोद उपाध्याय अध्यक्ष, जिला पंचायत