मुख्य डाक घर में आधार कार्ड बनवाने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। शहर के मुख्य डाकघर में आधार कार्ड बनवाने के लिए मारामारी हो रही है। शुक्रवार को डाकघर में एक कर्मी पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत किया। इसके बाद शाम तक वहां पुलिस कर्मी तैनात रहे।
बतादें कि इन दिनों डाकघर व बैंकों में आधार कार्ड बनाने का काम चल रहा है। हर रोज डाकघर पर लोगों की भीड़ लग रही है। शुक्रवार को ज्यादा भीड़ थी। कुछ लोगों का आरोप था कि डाक कर्मी आधार कार्ड बनाने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। इसे लेकर डाकघर में जमकर हंगामा हुआ।
कुछ लोगों की डाकघर कर्मियों से तीखी नोक-झोंक हो गई। एक कर्मी को इन्हीं आरोपों के चलते लोगों ने पकड़ लिया और उसे थाना कोतवाली ले गई। हंगामा बढ़ता देख डाकघर का मुख्य गेट बंद करना पड़ा। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शाम तक खासी भीड़ रही। शनिवार को अधिक भीड़ रहने की उम्मीद है। इस मामले में पोस्टमास्टर रामबाबू सिंह का कहना है कि आधार में पैसे लेने का आरोप निराधार है। भीड़ ने आधार बनवाने के दौरान हंगामा काटा है। मशीन भी खराब हो गई थी।