शुक्रवार को बारावफात के जुलूस में दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक बिलाल (22) को मोहल्ले में कुछ लोगों ने घेरकर पीटा और धारदार हथियार से हमला किया। घायल युवक को सौ शैया वाले सरकारी अस्पताल से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
शुक्रवार को बारावफात का जुलूस निकाला जा रहा था। बताते हैं कि इसी दौरान मोहल्ला बैसपाड़ा निवासी बिलाल पुत्र नईम का एक युवक से झगड़ा हो गया था। वहां पर लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। इसके कुछ देर बाद बिलाल अपने घर पहुंचा तो मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और पीटा। उसके भाई मुबीन का आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर बिलाल को लहूलुहान कर दिया।
परिजन उसे इलाज के लिए शौ सैया वाले अस्पताल ले गए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि जुलूस में पानी पीने के दौरान युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। परिजन धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा रहे हैं। चोंट कैसे और कहां लगी, इसकी जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। युवक की हालत खतरे से बाहर है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।