कंटेनर हरियाणा के गुरुग्राम से फ्लिपकार्ट का सामान लेकर अलीगढ़ के लिए रवाना हुआ था। इसे अलीगढ़ स्थित कंपनी के डिलीवरी सेंटर तक पहुंचना था, लेकिन मंजिल पर पहुंचने से पहले ही रामघाट रोड स्थित जनकपुरी के पास इसमें अचानक आग लग गई।
अलीगढ़ महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र में रविवार की रात करीब 2 बजे ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के माल से भरे कंटेनर में भीषण आग लग गई। हादसे में कंटेनर के अंदर रखा करीब 35 लाख रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया। बताया गया है कि इसमें आईफोन, इलेक्टि्रक गैजेट्स और अन्य सामान शामिल है।
विज्ञापन
ट्रक चालक भूरी सिंह ने बताया कि कंटेनर हरियाणा के गुरुग्राम से फ्लिपकार्ट का सामान लेकर अलीगढ़ के लिए रवाना हुआ था। इसे अलीगढ़ स्थित कंपनी के डिलीवरी सेंटर तक पहुंचना था, लेकिन मंजिल पर पहुंचने से पहले ही रामघाट रोड स्थित जनकपुरी के पास इसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया।
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही क्वार्सी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर में लदा लाखों के इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, कपड़े और अन्य पार्सल आदि जलकर राख हो चुके थे।
विज्ञापन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी, हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और कंपनी के अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।