हाथरस (ब्यूरो)। भाजपा के बैनीराम बाग स्थित जिला कार्यालय पर नगराध्यक्ष पद को लेकर दूसरी बैठक में भी काफी हंगामा हुआ। वर्तमान नगराध्यक्ष अशोक अग्रवाल के नाम पर सहमति की बात हुई तो काफी हंगामा खड़ा हो गया। भाजपा के कुछ नेता अब नहीं चाहते कि अशोक अग्रवाल को पुन: नगराध्यक्ष बनाया जाए।
हाथरस नगर के चुनाव अधिकारी सुभाष चौधरी के समक्ष नगराध्यक्ष पद के लिए भाजपा नेता मोहन पंडित, मूल चंद्र वार्ष्णेय, अमित भौतिका, श्याम अग्रवाल, विवेक गुप्ता, दिनेश शर्मा, नारायन लाल, बंशी पंडित व संजय सक्सेना ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए हैं।
चुनाव अधिकारी इन सभी नामों को भाजपा बृज क्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल के समक्ष रखेंगे। भाजपा नगराध्यक्ष की घोषणा 31 दिसंबर तक हो सकती है। बता दें कि पिछली बैठक में कोरम पूरा न होने के चलते नगराध्यक्ष पद के लिए आवश्यक कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
बैठक में मास्टर सत्यपाल सिंह, कुसमा देवी मदनावत, दिलीप पोद्दार, सुनीत आर्य, प्रमोद गोस्वामी, नंदिनी देवी, अशोक कुमार, राजू शर्मा, विनोद चौधरी, गिर्राज किशोर वशिष्ठ, राजू राणा, डॉ. राजीव सेंगर, मनोज अग्निहोत्री सहित काफी भाजपाई मौजूद थे।