न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। ओपन एंड कार्ड के लिए यात्री बस स्टैंड के चक्कर काट रहे हैं। कार्ड नहीं मिलने के कारण यात्री करीब चार माह से परेशान हैं। ओपन एंड कार्ड नहीं मिलने की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर भी पहुंचने लगी हैं। अधिकारी यात्रियों को शीघ्र कार्ड आने का आश्वासन दे रहे हैं।
बता दें कि रोडवेज यात्रियों को सुविधा देने का दावा तो करता है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। रोडवेज बस में सफर करने वाले यात्री कम किराए के लिए ओपन एंड कार्ड बनवाते हैं। हाथरस डिपो के कार्यालय में दर्जनों यात्रियों ने करीब चार माह पहले ओपन एंड कार्ड के लिए पंजीकरण कराया, लेकिन अभी तक यात्रियों के ओपन एंड कार्ड बनकर नहीं आए हैं।
हर रोज काफी यात्री बस स्टैंड के चक्कर काट रहे हैं। डिपो में तैनात अधिकारी यह कह देते हैं कि ओपन एंड कार्ड लखनऊ से आते हैं। कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भेज दी गई है। कार्ड नहीं मिलने से गुस्साए यात्री जनसुनवाई पोर्टल का सहारा ले रहे हैं। कई शिकायतें जनसुवाई पोर्टल पर भी पहुंच गई हैं।
ओपन एंड कार्ड काउंटर पर बैठने वाले कंपनी के कर्मी ने कुछ यात्रियों से रजिस्ट्रेशन के लिए ज्यादा पैसे लेने के आरोप भी लगे है। यह आरोप कई यात्रियों ने लगाए है। अब इसकी शिकायत रोडवेज केे अधिकारियों को मिल गई है। अधिकारी मामले की जांच करा दोषी कर्मी के खिलाफ कार्रवाई तैयारी भी कर रहे हैं। उससे रिकवरी भी की जाएगी। जब इस तरह का खुलासा हुआ तो अब पैसे डलवाने वाले यात्रियों की रसीद कई जगह जांच भी की जा रही है।