न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। जिला पंचायतराज विभाग की ओर से जिले की सभी ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में अब सख्ती बरती जाएगी। अब ग्रामीणों को खुले में शौच करना भारी पड़ेगा। घर में शौचालय होने की दशा में भी अगर ग्रामीण खुले में शौच करता हुआ पाया जाता है तो ग्राम पंचायत स्तर से उसे नोटिस देकर जुर्माना वसूला जाएगा।
सभी ग्राम पंचायतों को विभाग की ओर से खुले में शौच नहीं करने के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। खुले में शौच करने वालों को जागरूक करने के लिए विभाग की ओर स्वच्छग्रहियों को भी लगा दिया गया है। यह टीमें ग्राम पंचायतों में सुबह जाकर खुले में शौच करने वालों को स्वच्छता के प्रति जानकारी दे रही हैं। विभाग की ओर ब्लॉक सासनी को ओडीएफ घोषित किया जा रहा है। इसे लेकर विभागीय अधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली है।
विभाग की ओर से उन ग्राम पंचायतों में पत्र जारी कर दिया है, जो ग्राम पंचायतें ओडीएफ घोषित हो चुकी हैं। पत्र के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी ग्रामीण के घर में शौचालय है और वह उसका प्रयोग नहीं करके खुले में शौच करते हुए पाया जाता है तो ग्राम पंचायत पहले चरण में उसे नोटिस जारी करेगी। नोटिस का जवाब आने पर उसे स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगी। अगर इस सब के बाद भी ग्रामीण खुले में शौच करना बंद नहीं करता है तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा।
--------------
खुले में शौच नहीं करने के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में शौचालयों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसके बाद भी अगर ग्रामीण खुले में शौच करेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।
-शहनाज अंसारी, डीपीआरओ