प्रधानमंत्री की 25 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली रैली के लिए हाथरस डिपो की कुल 44 बसों को ड्यूटी में लगाया गया है। ये सभी बसें सोमवार को हाथरस से हरदोई के लिए रवाना कर दी गईं। वहां से इन बसों के माध्यम से रैली में शामिल होने वाले लोगों को लखनऊ लाने और वापस पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
परिवहन अधिकारियों के अनुसार रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विभिन्न जिलों से बसों को लगाया गया है। हाथरस डिपो से भेजी गईं बसों में ग्रामीण मार्गों पर चलने वाली बसों के साथ-साथ कुछ लंबी दूरी की बसें भी शामिल हैं। इस कारण हाथरस से संचालित कई रूटों पर बस सेवा अस्थायी रूप से प्रभावित हो गई है।
बसों की कमी से दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्र से शहर आने-जाने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को अगले दो दिनों तक दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। प्रभारी एआरएम मंगेश कुमार का कहना है कि रैली समाप्त होने के बाद बसों को शीघ्र ही उनके मूल रूटों पर वापस लगा दिया जाएगा, जिससे परिवहन व्यवस्था सामान्य हो सके।