संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
प्रसिद्ध गीतकार एवं यश भारती पुरस्कार से सम्मानित डॉ. विष्णु सक्सेना के जन्म दिन पर मंगलवार को एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हयूमन राइट्स व मानव कल्याण समिति के बैनर तले नगर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ठंड के बावजूद 32 लोगों ने शिविर में रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ विधायक वीरेंद्र सिंह राना, व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय ने फीता काटकर और स्वामी विवेकानंद के छविचित्र पर माल्यार्पण कर कराया। राना ने कहा कि विष्णु सक्सेना ने शहर का नाम पूरे देश और दुनिया के कई देशों में रोशन किया है। उनके जन्म दिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन अच्छी पहल है। रक्तदान महादान है, जो कि किसी के जीवन की रक्षा करता है।
डॉ. विष्णु सक्सेना ने कहा कि उनके जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाकर आयोजकों ने उनका हौसला बढ़ाया है। अपने गीतों की प्रस्तुति से डॉ. विष्णु ने जन्मदिन को यादगार बना दिया। उन्होंने कविता पढ़ी, हिंडोला गुरूर का है, झूल मत जाना, याद रखना जो कभी भला कोई जो तुम्हारा करे तो भूल मत जाना। संयोजक लकी मोहन वार्ष्णेय, विपिन वार्ष्णेय, सतेंद्र राघव ने कहा कि हमने डॉ. विष्णु सक्सेना के सम्मान का एक प्रयास किया है। आगे भी करते रहेंगे।
इस मौके पर प्रधानाचार्य वंदना सक्सेना, महासचिव प्रवीण वार्ष्णेय, संस्थापक राजीव वार्ष्णेय, सौरभ सिंघल, कन्हैया वार्ष्णेय, शैलेंद्र सांवलिया, राजेश वार्ष्णेय, कृष्णा शर्मा, श्याममूर्ति वार्ष्णेय, मनोज वार्ष्णेय, रितिक गुप्ता, चंचल गुप्ता, विकास वार्ष्णेय, अलकेश यादव, कमल जाखेटिया, ओमप्रकाश गुप्ता, देशराज सचदेवा, गिरीश चंद्र पटेल, रिषी यादव आदि मौजूद थे।