नया शिक्षा सत्र शुरू होने के करीब ढाई महीने बाद भी परिषदीय विद्यालयों के कक्षा एक व दो विद्यार्थियों को किताबें नहीं मिल पाई हैं। ग्रीष्म कालीन अवकाश के बाद करीब 25 हजार विद्यार्थी बिना किताबों के विद्यालय पहुंचेंगे।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 1236 परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.23 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। सरकार इन विद्यालयों को कॉन्वेंट विद्यालयों की तरह विकसित करना चाहती है। इसी क्रम में इन विद्यालयों में निशुल्क शिक्षा, विद्यालय में ही मध्याह्न भोजन से लेकर निशुल्क किताबें तक उपलब्ध कराई जाती हैं। विभाग के अनुसार कक्षा तीन से आठ तक की किताबें विद्यालयों में पहुंच गई हैं, लेकिन कक्षा एक व दो के विद्यार्थियों को अभी तक किताबें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। 28 जून से विद्यार्थी विद्यालयों में पहुंचने लगेंगे। कक्षा एक व दो करीब 25 हजार विद्यार्थी बिना किताबों के ही विद्यालय पहुंचेंगे। इससे इन विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी।
अभी कक्षा एक व दो की किताबें शासन से ही प्राप्त नहीं हुई हैं। किताबें प्राप्त होते ही विद्यालयों में पहुंचा दी जाएंगी। - - उपेंद्र गुप्ता, बीएसए हाथरस।