न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। प्रयागराज में लगने जा रहे कुंभ में संविदा के चालक परिचालकों की मौज आएगी। क्योंकि बस का संचालन हो या न हो निगम द्वारा चालक परिचालकों को 245 किलोमीटर का भुगतान किया जाएगा। डिपो बसों को दुरुस्त करा भेजने की तैयारी में जुटा है।
बता दें कि प्रयागराज में 15 जनवरी से चार मार्च तक लगने वाले कुंभ को लेकर सरकार तैयारियों को अंतिम रुप देने में जुटी हुई है। यात्रियों को आने जाने में कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए अलीगढ़ रीजन से दूसरे चरण के स्नान में हाथरस डिपो की 31 बसों सहित 230 बसें जाएंगी।
चालक-परिचालकों को ड्रेस के लिए कपड़ा मिल गया है। खास बात यह है कि कुंभ में शटल सेवा रहेगी। इस दौरान यदि किसी बस का संचालन नहीं होता है तो निगम द्वारा एक रुपये 36 पैसे के हिसाब से 245 किलोमीटर का भुगतान संविदा चालक-परिचालकों का किया जाएगा। इस तरह का आदेश हाथरस डिपो को मिल गया है।