मुरसान में मूंगफली गोदाम में आग लगने के बाद बाद मौके पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। मुरसान कस्बा के नया बिजलीघर रोड स्थित मूंगफली के गोदाम में आग लग गई। इसमें लाखों का माल स्वाहा हो गया। स्थानीय व दमकल कर्मियों की कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मुरसान के आर्य समाज रोड निवासी पीतांबर पुत्र नारायणदास का बिजलीघर रोड पर मूंगफली का गोदाम है। इस गोदाम में सुबह करीब नौ बजे किसी कारणवश आग लग गई। इस बात की जानकारी होते ही पीतांबर और आसपास के लोग आग को बुझाने में जुट गए, लेकिन आग बढ़ती ही गई।
फोन पर मिली जानकारी के बाद करीब साढ़े 11 बजे फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। गोदाम में लगी आग को काबू में पाने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मी जुट गए। करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर लग गई। सभी अपने स्तर से आग को काबू में पाने के प्रयास कर रहे थे।