न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। यदि आप बिजली चोरी बंद नहीं करोगे तो आपको पर्याप्त बिजली नहीं मिलेगी। शहर के नवीपुर और कांशीराम टाउनशिप बिजलीघर से जुड़े इलाकों में बिजली कट का झटका लगना शुरू हो गया है। शनिवार को दोनों पर बिजलीघरों पर काफी देर तक बिजली गुल रही। इस कारण लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा।
बता दें कि बिजली विभाग के अफसरों का साफ कहना है कि जितनी बिजली दी जा रही है, उस हिसाब से पैसा चाहिए। यदि राजस्व नहीं आ रहा है तो उन इलाकों में कटौती की जाए। शहर के नवीपुर और कांशीराम टाउनशिप बिजलीघर पर 50 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही है। तमाम कोशिशों के बाद बिजली चोरी नहीं रुक रही है। साथ ही बकाया भी लक्ष्य के सापेक्ष नहीं मिल पा रहा है।
इसके अलावा कई बिजलीघर पर भी महकमे के रडार पर हैं। शनिवार को नवीपुर बिजलीघर पर दो घंटे की कटौती रही। इस मामले में एक्सईएन आदित्य पांडेय का कहना है कि नवीपुर और कांशीराम बिजलीघर पर लाइन लॉस अधिक हैं। इस कारण कटौती हो रही है।
नवीपुर और कांशीराम बिजलीघर से जुड़े फीडरों पर काफी कल कारखाने हैं। यह लोग सभी समय से बिल जमा भी कर रहे हैं। जो लोग बिजली चोरी कर रहे हैं। उनको विभाग पकड़े। अन्य लोगों को पर्याप्त बिजली मिलनी चाहिए। यदि बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो व्यापार मंडल आंदोलन करेगा।
-राधेश्याम अग्रवाल, अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल।