न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। फसल ऋण मोचन योजना के तहत जिले लगभग 4,500 किसानों की कर्ज माफी के लिए विभाग की ओर से लिस्ट तैयार की जा रही है। शासन की ओर से इन किसानों के दस्तावेजों में आपत्ति लगाकर पात्रता की सूची से बाहर निकाल दिया गया था। अब विभाग की ओर से दस्तावेजों को सही कराकर इन किसानों की सूची तैयार कर ऑनलाइन फीड कर शासन को भेजी जा रही है। इसके आधार पर 15 दिसंबर को इनकी डिमांड जेनरेट की जाएगी।
कृषि विभाग की ओर से फसल ऋण मोचन योजना के तहत अब तक करीब 50 हजार किसानों का कर्ज माफ किया जा चुका है। अब विभाग की ओर से पात्रता सूची से निकाले गए और इस सूची में शामिल होने से छूटे किसानों से प्रार्थना पत्र लिए गए थे। इन प्रार्थना पत्रों के आधार पर विभाग की ओर से बैंक व अन्य संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद सभी किसानों का ऑनलाइन डाटा फीड किया जा रहा है।
विभाग की ओर से अब तक 4,500 किसानों को डाटा फीड किया जा चुका है। इन किसानों के डाटा फीड होने के 15 दिसंबर को डिमांड जेनरेट कर दी जाएगी। डिमांड जेनरेट होने के बाद शासन स्तर से सीधे इन किसानों के खाते में कर्ज माफी की धनराशि भेजी जाएगी। जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार ने बताया कि अब तक प्राप्त हुए प्रार्थना पत्रों के आधार पर फीडिंग कराई गई है। अब जल्द ही डिमांड जेनरेट कर दी जाएगी।