अब जल्द ही विद्युत महकमे द्वारा अलीगढ़ और हाथरस में नलकूप और घरेलू फीडरों को अलग-अलग करने और सब स्टेशनों की क्षमता वृद्धि करने का काम किया जाएगा। अलीगढ़ और हाथरस में महकमे ने इस काम को अलग-अलग एजेंसियों को सौंप दिया है। अगले महीने से काम की शुरुआत भी हो जाएगी।
विद्युत महकमे की मंशा है कि नलकूप और घरेलू फीडर्स की बिजली को अलग-अलग कर आपूर्ति दी जाए। इसके अलावा घरेलू लाइनों से बिजली की चोरी भी रुक सके। मुख्य अभियंता बीएस गंगवार ने बताया कि हाथरस में नलकूप और घरेलू विद्युत फीडर्स को अलग-अलग करने के लिए 11 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यह काम हाथरस में खान इंटर प्राइजेज नाम की एजेंसी को सौंपा गया है।
इस एजेंसी को जल्द ही महकमे द्वारा उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर ग्रामीण इलाकों में काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अलीगढ़ में नलकूप और घरेलू फीडर्स को अलग-अलग करने के लिए 100 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
यहां काम करने का जिम्मा गाजियाबाद की एजेंसी ईस्ट इंडिया उद्योग लिमिटेड को दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में नलकूप और घरेलू लाइनों व फीडर्स को अलग-अलग करने का काम किया जाएगा। 511 नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे।
28 सब स्टेशनों की क्षमतावृद्धि की जाएगी। 101 नए फीडर नलकूप के लिए बनाए जाएंगे। 1815 किमी लंबी लाइन खींची जाएगी। इसके अलावा इस योजना में सांसद आदर्श गांव को भी शामिल किया जाएगा।