हरपालपुर। गुजरात के वलसाड में नौकरी कर रहे हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत की सूचना जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक हो गया।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के इकनौरा गांव निवासी नन्हे लाल का पुत्र अजय कुमार (20) गांव के ही साथी राजन (20) के साथ गुजरात के वलसाड जिले के करमबेली क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे। मृतक के भाई सुदीप ने बताया कि सोमवार रात करीब 12:30 बजे अजय और राजन ढाबे पर खाना खाने के बाद बाइक से अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इस दौरान मुंबई रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल राजन को तत्काल सूरत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया वहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन गुजरात पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार शाम अजय का शव गांव लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अविवाहित अजय चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।