संडीला। कोतवाली क्षेत्र के उमरताली गांव निवासी एक युवक का शव उन्नाव जिले में उसकी ससुराल के पास आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक के बेटे ने भूमि के विवाद में मामा समेत छह लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। बेटे ने तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
उमरताली गांव निवासी सुखनंदन (46) खेती करते थे। उनकी ससुराल उन्नाव जिले के आसीवन थाना क्षेत्र के मोहम्मद खेड़ा गांव में है। मृतक के बेटे विशाल ने बताया कि उनके पिता बीते 29 जून को मामा का फोन आने के बाद ससुराल गए थे। अगले दिन 30 जून की शाम करीब छह बजे वहां से सूचना दी गई कि सुखनंदन ने आम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। विशाल ने आरोप लगाया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो शव की स्थिति संदिग्ध लगी।
विशाल ने शव को देखकर आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को संडीला लेकर आए और अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद विशाल ने अपने मामा समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि घटना उन्नाव जिले के थाना आसीवन क्षेत्र की है। तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।