फोटो-16- जिला चिकित्सालय में मृतक की बिलखती मां पुष्पा को संभालते परिजन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के पंजाबी कालोनी निवासी युवक ने घर में जहर खा लिया। जिला चिकित्सालय में उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक युवक अवसाद में था और उसका उपचार कराया जा रहा था।
पंजाबी कालोनी निवासी राहुल (35) अपने पिता पूरनचंद्र आनंद की परचून की दुकान पर बैठकर उनका सहयोग करता था। बुधवार को वह घर पर अकेला था। पिता पूरनचंद्र और बड़ा भाई नितिन दुकान पर थे, जबकि अन्य परिजन एक धार्मिक कार्यक्रम में गए हुए थे।
दोपहर में घर पहुंचे नितिन को राहुल बेसुध पड़ा मिला। पास ही जहर की शीशी भी पड़ी थी। आनन-फानन ही नितिन ने राहुल को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने राहुल को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। कुछ देर बाद ही राहुल ने दम तोड़ दिया।
मां पुष्पा बेटे का शव देख बदहवास हो गई तो परिचितों और परिजनों ने किसी तरह उसे संभाला। मृतक के बड़े भाई नितिन ने बताया कि राहुल पिछले दो वर्ष से अवसाद में था। उसका उपचार भी लखनऊ की एक प्रतिष्ठित मानसिक रोग विशेषज्ञ से कराया जा रहा था। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।